-शिक्षक दिवस पर गोरखपुर में आयोजित हुआ कार्यक्रम
-गौतमबुद्ध नगर के शिक्षकों ने जताई खुशी

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: शिक्षक दिवस के अवसर पर गोरखपुर में सम्‍मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के उत्कृष्ट एवं नवाचारी कार्य करने वाले उत्‍तर प्रदेश के प्रदेश के 61 शिक्षकों को राज्य स्तरीय सम्मान से अलंकृत किया। सहायक अध्यापिका, कंपोजिट विद्यालय पर्थला खंजरपुर, विकास खंड बिसरख, गौतमबुद्ध नगर की अध्‍यापिका अर्चना पांडे को भी राज्‍य स्तरीय सम्मान से अलंकृत किया। अर्चना पांडे पिछले कई साल से शिक्षण कार्य से जुड़ी हैं। सम्‍मान मिलने पर बड़ी संख्‍या में शिक्षकों ने उन्‍हें बधाई दी।

25 हजार पुरस्‍कार राशि
सम्‍मान में अर्चना पांडेय को माँ सरस्वती की प्रतिमा, प्रशस्ति-पत्र, ₹25,000 की नगद पुरस्कार राशि तथा उनके नवाचार पर आधारित बुक एल्बम प्रदान किया गया। यह सम्मान उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि भर नहीं, बल्कि जनपद के समूचे शिक्षा-जगत के लिए गौरव का क्षण रहा। अर्चना पांडेय ने शिक्षण को नौकरी नहीं, बल्कि सेवा और राष्ट्र-निर्माण का माध्यम मानकर कार्य किया। उनके द्वारा शिक्षा में किए गए नवाचारों ने विद्यार्थियों के सीखने की प्रक्रिया को अधिक रचनात्मक, सहज और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी उपलब्धि इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और समर्पण के बल पर सीमित संसाधनों में भी उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। समारोह में संदीप सिंह, मंत्री, बेसिक शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार), पार्थ सारथी सेन शर्मा, अपर मुख्य सचिव, बेसिक शिक्षा, मोनिका रानी, महानिदेशक, स्कूल शिक्षा, दीपक कुमार, राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा, संध्या सिंह, संयुक्त शिक्षा निदेशक (बेसिक), श्री कंचन वर्मा, महानिदेशक, स्कूल शिक्षा, विजय किरण आनंद, निदेशक, बेसिक शिक्षा सहित शिक्षा विभाग एवं अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।