-एडीएम प्रशासन की अध्यक्षता में तैयारियों को लेकर हुई समीक्षा बैठक
-अधिकारियों को समय पर ड्यूटी स्थल पर पहुंचने का निर्देश

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: गौतमबुद्धनगर में 24 मई को सिविल सर्विसेज प्री-परीक्षा का आयोजन 34 केंद्रों पर होगा। परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पॉली की परीक्षा सुबह 09:30 से 11:30 तथा द्वितीय पाली की परीक्षा दिन में 02:30 से 04:30 बजे तक होगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण संपन्‍न कराने के लिए अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में 34 परीक्षा केंद्रों पर होने वाली परीक्षा की तैयारियों को लेकर सेक्टर मजिस्ट्रेट, लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसर तथा केंद्र व्यवस्थापकों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। परीक्षा के संबंद्ध में अधिकारियों को आवश्‍यक निर्देश भी दिए गए।

सीसीटीवी की करें जांच
अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने निर्देश दिए कि सेक्टर मजिस्ट्रेट व लोकल एक्सपेक्टिंग ऑफिसर अपने परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर यह सुनिश्चित करें कि सभी मूलभूत सुविधाएं एवं सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से कार्य कर रहे हों। किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के समय इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की विशेष जांच की जाए, ताकि कोई भी अभ्यर्थी उन्हें भीतर न ले जा सके। बैठक में संघ लोक सेवा आयोग द्वारा नामित अधिकारी मनोज, भानु प्रताप सिंह ने उपस्थित अधिकारियों को आयोग के मानकों के अनुरूप परीक्षा संचालन की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक दीपा भाटी, समस्त सेक्टर मजिस्ट्रेट, लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसर, केंद्र व्यवस्थापक सहित अन्‍य अधिकारी मौजूद थे।