द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : बिसरख कोतवाली पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपित धोखाधड़ी से दस्तावेजों में पता बदलवाकर और अधूरे पते दर्ज कराकर बैंक खाते खुलवाते थे। इसके बाद ये खाते साइबर ठगों को उपलब्ध कराते थे। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से विभिन्न बैंकों की 29 पासबुक, 23 चेकबुक, दो डेबिट कार्ड, 14 आधार कार्ड, आठ पैन कार्ड, आठ सिम कवर और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि 10 अक्टूबर को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपितों को गौर सिटी-2 स्थित भविष्य इंडिया टावर के पास से गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान हाथरस जिले के सासनी निवासी प्रेम (21), कुनाल (19) और आतिश (20) के रूप में हुई है।

20 प्रतिशत कमीशन पर देते थे बैंक खाते
जांच में सामने आया कि आरोपित अपने और अन्य लोगों के आधार कार्ड व पैन कार्ड में धोखाधड़ी कर पते बदलवाते थे। इसके अलावा बैंक खाते खुलवाने के लिए अधूरे पते भी दर्ज कराते थे। इन खातों को साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराने के बदले आरोपितों को 20 प्रतिशत कमीशन मिलता था। इन खातों का इस्तेमाल विभिन्न राज्यों में लोगों से इन्वेस्टमेंट, ब्लैकमेलिंग और सोशल मीडिया विज्ञापन के नाम पर ठगी करने के लिए किया जाता था। इस तरीके से ठगी के शिकार हुए कई लोगों की शिकायतें अलग-अलग राज्यों में राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर दर्ज हैं।
