द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : दादरी कोतवाली क्षेत्र के चिटहेरा गांव के निकट स्थित एक कॉलोनी में करीब दस वर्ष पहले खरीदे गए प्लॉट को कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दोबारा बेचने के मामले में न्यायालय के आदेश पर तीन नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

बिहार के रहने वाले व्यक्ति ने दर्ज कराई शिकायत
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि मूल रूप से बिहार के कटिहार जिले के निवासी और वर्तमान में ग्रेटर नोएडा के गौर सिटी में रहने वाले विक्की कुमार दास ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, उनके पिता ने 24 फरवरी 2016 को दादरी के जारचा रोड निवासी विकास कुमार से सारिका विहार कॉलोनी में एक प्लॉट खरीदा था। उस समय प्लॉट की नींव भरी हुई थी और आरोपी ने उसकी देखरेख करने का भरोसा भी दिया था।

आरोप है कि बाद में विकास कुमार ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसी प्लॉट का सौदा किसी अन्य व्यक्ति से कर दिया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि विकास कुमार और विजय उर्फ प्रधान ने दबाव बनाकर रजिस्ट्री के दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए और उन्हें फाड़ दिया। इसके बाद कुछ धनराशि देकर मामला खत्म करने का प्रयास किया गया।

पीड़ित का कहना है कि न्यायालय की शरण लेने पर अदालत के आदेश के आधार पर विकास कुमार, विजय उर्फ प्रधान, जसबीर और पांच अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।