द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा के लोगों को शुक्रवार को इलेक्ट्रिक सिटी बस सेवा की सौगात मिली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से वर्चुअल माध्यम से बस सेवा का शुभारंभ किया। ग्रेटर नोएडा में दादरी विधायक तेजपाल नागर, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एनजी रविकुमार ने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया।

पहले चरण में ग्रेटर नोएडा के विभिन्न सेक्टरों और गांवों को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) से जोड़ने के लिए 11 आधुनिक इलेक्ट्रिक एसी बसें चलाई गई हैं। प्रदेश स्तर पर कुल 45 इलेक्ट्रिक बसों को रवाना किया गया, जिनमें नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्रों के लिए 11-11 तथा लखनऊ के लिए 12 बसें शामिल हैं।

अधिकतम किराया 50 रुपए
प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रेरणा सिंह ने बताया कि 15 जून से जेवर एयरपोर्ट के लिए प्रत्येक घंटे बस सेवा उपलब्ध रहेगी। यात्रियों के लिए न्यूनतम किराया 20 रुपये और अधिकतम किराया 50 रुपये निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि बसों में मोबाइल चार्जिंग, सीसीटीवी कैमरे सहित कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि ग्रेटर नोएडा के लोगों की लंबे समय से सिटी बस सेवा की मांग थी, जो अब पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में तीनों प्राधिकरणों और परिवहन विभाग के संयुक्त प्रयास से यह परियोजना साकार हुई है। बैटरी संचालित बसों के संचालन से प्रदूषण में कमी आएगी और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

चार रूटों पर चलेगी सेवा
बस सेवा चार अलग-अलग रूटों पर संचालित की जाएगी। पहला रूट चार मूर्ति से शुरू होकर परी चौक, दनकौर और जेवर कट होते हुए एयरपोर्ट तक जाएगा। दूसरा रूट चार मूर्ति से कासना, जीआईएमएस अस्पताल, गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय और दनकौर होते हुए एयरपोर्ट तक पहुंचेगा। तीसरा रूट मकौड़ा रोटरी से एक्सपो मार्ट, गलगोटिया विश्वविद्यालय और रबूपुरा क्षेत्र से होकर एयरपोर्ट तक जाएगा। चौथा रूट ईकोटेक-16 से शुरू होकर तिलपता, स्वर्णनगरी, यथार्थ अस्पताल, दनकौर और जेवर क्षेत्र को जोड़ते हुए एयरपोर्ट तक संचालित होगा।