द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने रेस्टोरेंट संचालकों और ठेला कारोबारियों से हर माह रंगदारी वसूलने के आरोप में दो भाइयों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों क्षेत्र में कारोबार करने वालों को डरा-धमकाकर प्रति माह 20 से 25 हजार रुपये की मांग करते थे।
पुलिस के अनुसार पीड़ितों की तहरीर के आधार पर थाना नॉलेज पार्क में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सेक्टर-150 नोएडा से मोनिन्द्र और उसके भाई नरेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया।
दबाव बनाकर मांगते थे रंगदारी
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपित रेस्टोरेंट संचालकों और ठेला लगाने वालों पर दबाव बनाकर उनसे नियमित रूप से रंगदारी मांगते थे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित गढ़ी समस्तीपुर गांव के निवासी हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मुख्य आरोपित मोनिन्द्र के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2025 में उसके खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई थी।
