-डॉ. बलकार सिंह ने ईपीआईपी (EPIP) औद्योगिक क्षेत्र का किया भ्रमण
-क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं एवं विकास कार्यों का लिया जायजा
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) के नवनियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. बलकार सिंह ने औद्योगिक संगठनों एवं उद्यमियों के साथ एक औपचारिक बैठक एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर सहित विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं एवं विकास संबंधी सुझावों से अवगत कराया।
बैठक के उपरांत डॉ. बलकार सिंह ने ईपीआईपी (EPIP) औद्योगिक क्षेत्र का भ्रमण किया तथा वहाँ स्थित कुछ औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण कर उद्यमियों से सीधे संवाद स्थापित किया। क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं एवं विकास कार्यों का जायजा लिया। डॉ. बलकार सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा प्रदेश के सभी औद्योगिक क्षेत्रों को आधुनिक, सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं निवेश-अनुकूल बनाना है। उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। यूपीसीडा उद्योगों के विकास को गति देने, आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने तथा पारदर्शी एवं सरल प्रशासनिक व्यवस्था विकसित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। औद्योगिक संगठनों के साथ निरंतर संवाद एवं समन्वय के माध्यम से विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

उद्यमियों ने गिनाई समस्याएं
इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) के अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने डॉ. बलकार सिंह को बताया कि यूपीसीडा द्वारा विगत वर्षों में गौतमबुद्ध नगर के औद्योगिक क्षेत्रों में प्रवेश द्वार, सड़क निर्माण, हाईमास्ट एवं स्ट्रीट लाइट, कियोस्क, वेंडिंग ज़ोन, सार्वजनिक शौचालय, श्रमिक सुविधा केंद्र तथा मालवाहक वाहनों के लिए पार्किंग जैसी अनेक आधारभूत सुविधाओं का विकास कराया गया है। जिससे औद्योगिक क्षेत्रों की पहचान एवं कार्य वातावरण में उल्लेखनीय सुधार हुआ। उन्होंने कहा कि मार्च 2026 के बाद विकास एवं अनुरक्षण कार्यों की गति धीमी पड़ गई है। ड्रेनों की नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण एवं अनुरक्षण कार्य प्रभावित होने के कारण हल्की वर्षा में भी औद्योगिक क्षेत्रों में गंभीर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो रही है, जिससे उद्योगों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि सभी औद्योगिक क्षेत्रों में आधुनिक एवं कवरयुक्त आरसीसी ड्रेनेज प्रणाली का निर्माण, सीवरेज व्यवस्था का संचालन, पेयजल पाइपलाइन एवं पानी की टंकियों की स्थापना, अधूरी सड़कों का निर्माण, ग्रीन बेल्ट का विकास, नियमित साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट, CCTV, ट्रांसपोर्ट पार्किंग, सार्वजनिक शौचालय, श्रमिक सुविधाएँ तथा सिंगल विंडो प्रणाली के माध्यम से सभी अनुमतियों एवं एनओसी की ऑनलाइन एवं समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय के अलावा कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, जॉइंट सेक्रेटरी विकास राय, यूपीसीडा साइट-5 औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर सेक्रेटरी वीरेंद्र रावल, उपाध्यक्ष राजेश खन्ना सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।
