द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: योनेक्स सनराइज इंडिया द्वारा सीएसआर मुहिम सक्षम के अंतर्गत युवाओं को रोजगारपरक कौशल से जोड़ने के उद्देश्य से नोएडा के सेक्टर-3 में कौशल विकास केंद्र की स्थापना की गई है। केंद्र का उद्घाटन सनराइज के प्रबंध निदेशक विक्रम आदित्यधर ने फीता काटकर किया। सनराइज के सीएसआर विभाग की वरिष्ठ अधिकारी एडवोकेट पायल सिंघल ने बताया कि इस कौशल विकास केंद्र में युवाओं को बैडमिंटन स्ट्रिंगिंग (रैकेट में तार डालने) का विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही युवाओं को सेल्स एवं मार्केटिंग से संबंधित प्रशिक्षण भी निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को व्यावहारिक एवं रोजगारपरक कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए तैयार करना है। इस अवसर पर विक्रम आदित्यधर ने कहा कि आज के समय में केवल शैक्षिक योग्यता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि युवाओं के पास रोजगार से जुड़े व्यावहारिक कौशल का होना भी आवश्यक है। सक्षम पहल के माध्यम से हमारा प्रयास है कि युवाओं को ऐसे कौशल उपलब्ध कराए जाएं, जिनके आधार पर वे रोजगार प्राप्त करने के स्वरोजगार के अवसर भी पैदा कर सकें। नोएडा के शिक्षाविद व सामाजिक कार्यकर्ता डॉ० भूपेन्द्र नागर ने सनराइज की मुहिम को क्षेत्र के युवाओं के लिए लाभकारी बताया। इस अवसर पर डॉ० भूपेन्द्र नागर,बसंत कुमार,प्रशिक्षक तुलसीराम,जयदीप सिंह,संकल्प संस्था से अमित नागर,कुसुम,अनामिका,संदीप,अरविंद आदि लोग उपस्थित थे।