द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : बिसरख थाना क्षेत्र के सेक्टर-1 में गुरुवार को एक फिटनेस जिम में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही फायर सर्विस यूनिट, सीएफओ गौतमबुद्धनगर और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। आग जिम की दूसरी मंजिल पर लगी थी।फायरकर्मियों ने तत्काल हौज पाइप बिछाकर आग बुझाने का काम शुरू किया। इस दौरान जिम की छत पर पांच लोग फंस गए। फायरकर्मियों ने बीए सेट पहनकर सभी पांचों लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर बाहर निकाल लिया।जिम के अंदर धुआं अधिक भर जाने के कारण आग बुझाने में परेशानी हुई।

तोड़ा गया शीशा
इसके बाद क्रेन की मदद से शीशा तोड़कर धुआं बाहर निकाला गया और फायर टेंडरों की सहायता से आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।वेंटिलेशन के दौरान सीएफओ गौतमबुद्धनगर को सामान्य चोट आई है। हादसे में किसी व्यक्ति की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की जांच समेत अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।