-28 मार्च को प्रधानमंत्री व मुख्‍यमंत्री ने किया था एयरपोर्ट का उदघाटन
-इंडिगो शुरू करेगी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली उड़ान

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान का लंबा इंतजार जून में पूरा हो जाएगा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) ने घोषणा की है कि एयरपोर्ट 15 जून 2026 से यात्रियों का स्वागत करेगा। हवाई अड्डे पर 15 जून से सबसे पहले वाणिज्यिक उड़ान का संचालन शुरू होगा। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और उत्तर भारत के यात्रियों, एयरलाइंस और कार्गो ऑपरेटरों के लिए एक नया प्रवेश द्वार खुलेगा। उड़ान की घोषणा नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) से एयरोड्रोम सुरक्षा कार्यक्रम (ASP) की स्वीकृति प्राप्त होने के बाद हो रही है। यह स्वीकृति इस बात की पुष्टि करती है कि हवाई अड्डे की सुरक्षा व्यवस्था, प्रणालियाँ और संचालन प्रक्रियाएँ वाणिज्यिक सेवाओं के शुभारंभ से पूर्व नियामक मानकों के अनुरूप स्थापित हैं। ज्ञात हो कि 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने एयरपोर्ट का उदघाटन किया था।

इंडिगो की पहली उड़ान
एयरपोर्ट से पहली उड़ान संचालित करने का अवसर इंडियो एयरलाइन को मिला है। इसके बाद शीघ्र ही अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस भी अपनी सेवाएँ शुरू करेंगी। उड़ान समय-सारणी, गंतव्यों और यात्री सेवाओं से संबंधित जानकारी की घोषणा एयरपोर्ट अथारिटी जल्‍द करेगी। वाणिज्यिक संचालन की शुरुआत क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करने, आर्थिक विकास को प्रोत्साहित करने तथा पर्यटन, व्यापार और निवेश के लिए नए अवसर सृजित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (YIAPL) का गठन इस ग्रीनफील्ड परियोजना, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विकास, निर्माण और संचालन के लिए किया गया है। यह कंपनी ज़्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी की 100 प्रतिशत सहायक कंपनी है और उत्तर प्रदेश सरकार तथा भारत सरकार के साथ साझेदारी में इस सार्वजनिक-निजी भागीदारी परियोजना को क्रियान्वित कर रही है। एयरपोर्ट में एक रनवे और एक यात्री टर्मिनल है, जिसकी वार्षिक क्षमता 1.2 करोड़ (12 मिलियन) यात्रियों की है। मास्टर प्लान के अनुसार, भविष्य में इसका विस्तार कर 7 करोड़ (70 मिलियन) से अधिक यात्रियों की वार्षिक क्षमता विकसित की जाएगी।