-जलापूर्ति, सीवर, उद्यान व मेंटेनेंस का होगा कार्य
-टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुरू होगा काम

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्‍न विकास कार्य कराने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने टेंडर जारी कर दिए हैं। जिसके तहत करोड़ों रुपए से विभिन्‍न विकास कार्य कराया जाएगा। इसमें प्रमुख रुप से बिजली, उद्यान, सीवर, पानी मेंटेनेंस का कार्य होगा। बारिश के दौरान मच्‍छरों व अन्‍य कीड़ों से निजात के लिए फागिंग का कार्य भी कराया जाएगा। प्राधिकरण ने 29 स्‍थानों पर विकास कार्य कराने के लिए टेंडर निकाला है। प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही विकास कार्य शुरू करा दिया जाएगा।

यहां पर होगा कार्य
हल्‍दौनी गांव में शमशान घाट तक पहुंच मार्ग, शेड, चबूतरा व कमरे का निर्माण होगा। हतेवा गांव के बारात घर व अंबेडकर भवन की मेंटेनेंस का कार्य कराया जाएगा। सूरजपुर में किसान आबादी के भूखंडों की रिसर्फेसिंग, नालियों की सफाई व मरम्‍मत का कार्य। सेक्‍टर ओमीक्रॉन-2 के चारों तरफ बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जाएगा। विभिन्‍न गांव जैसे सैनी, इटैहरा, खोदना खुर्द में 6 प्रतिशत आबादी भूखंडों व सेक्‍टर नॉलेज पार्क-5 में स्‍ट्रीट लाइट लगाने का काम भी कराया जाएगा। सेक्‍टर सिग्‍मा-3 व सेक्‍टर सिग्‍मा-1 व सेक्‍टर ईकोटेक-3 में पेड़ों, झाडियों व लान का रखरखाव व सिविल कार्य।