-टेंडर होने के बाद भी नहीं हो रहा था काम
-आए दिन लोगों को झेलनी पड़ रही थी परेशानी

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: सूरजपुर में खराब रास्‍ते के कारण आने-जाने में लोगों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लोगों ने रास्‍ते को सही कराने की गुहार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से कई बार लगाई थी। पाधिकरण से उम्‍मीद लगाए बैठे लोगों को जब निराशा हाथ लगी तो लोगों ने स्‍वयं ही आगे आकर मोर्चा संभाल लिया। लोगों ने निजी खर्च पर जेसीबी मंगवाई और कुछ ही घंटे में रास्‍ते को सही करा लिया। जिस रास्‍ते पर चलने में लोगों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा था अब वह उनके लिए मुफीद बन गया। अपने खर्च पर काम कराकर लोगों ने प्राधिकरण को आईना दिखाने का काम किया है।

भाग गया ठेकेदार
मामला सूरजपुर में भाटी रोड का है। वहां पर रहने वाले अतुल वशिष्‍ठ, वीरेंद्र शर्मा, नीरज व नरेश शर्मा का कहना है कि रास्‍त काफी समय से खराब पड़ा था। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने टेंडर निकाल दिया था, ठेकेदार ने कुछ समय तक काम किया और रास्‍ते को खराब हालत में छोड़कर भाग गया। रास्‍ते में बड़े-बड़े गड्ढ़े होने व नालियों का गंदा पानी भरने से आए दिन लोग परेशान हो रहे थे। साथ ही व्‍यापार भी प्रभावित हो रहा था। प्राधिकरण अधिकारियों से मामले की शिकायत पिछले लंबे समय से की जा रही थी, कोई सुनने को तैयार नहीं था। जिसके बाद लोगों ने चंदा किया और जेसीबी मंगाकर रास्‍ते को चलने लायक बनवाया गया।