द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : सूरजपुर थाना पुलिस ने एनपीसीएल के बिजली के पोल से लोहे की एंगल चोरी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 50 किलोग्राम वजनी चोरी की गई लोहे की एंगल, वारदात में प्रयुक्त टाटा ऐस लोडर, एक सीढ़ी, एक जोड़ी इलेक्ट्रिक ग्लव्स और तीन हेलमेट बरामद किए हैं।

आरसी ग्रीन के पास का है मामला
पुलिस ने बताया कि 4 अगस्त की रात आरसी ग्रीन के पास स्थित एनपीसीएल के बिजली के पोल से अज्ञात चोरों ने लोहे की एंगल चोरी कर ली थी। मामले में एनपीसीएल के जूनियर इंजीनियर की शिकायत पर सूरजपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

निशानदेही पर बरामद हुआ चोरी का माल
जांच के दौरान लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर बुधवार को मिग्सन विलासा रोड से तुषार सैनी, सुरेंद्र सिंह, शिवा यादव और आदित्य राज को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी का माल और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद कर लिया गया।