द न्यूज गली, नोएडा : थाना सेक्टर-20 पुलिस ने क्रिप्टोकरेंसी दिलाने के नाम पर लोगों को झांसा देकर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 11 लाख 49 हजार 500 रुपये नकद, एक चेकबुक, एक डेबिट कार्ड और एक आधार कार्ड बरामद किया है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 19 जून को लोकल इंटेलिजेंस की सहायता से कार्रवाई करते हुए सेक्टर-27 स्थित कैम्ब्रिज स्कूल के पास सर्विस रोड से उमेर खान और अनुराग पारासरी को गिरफ्तार किया गया। दोनों के पास मौजूद बैग की तलाशी लेने पर 11.49 लाख रुपये नकद समेत अन्य दस्तावेज बरामद हुए।
बीबीए पास है उमेर खान
गिरफ्तार आरोपी उमेर खान (22) सेक्टर-50, नोएडा का निवासी है और बीबीए स्नातक है। वहीं, अनुराग पारासरी (22) मूल रूप से बरेली के मीरगंज का निवासी है तथा वर्तमान में सेक्टर-128, नोएडा में रह रहा था। वह बी.कॉम स्नातक है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-20 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य दो सदस्यों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
