-परी चौक के आस-पास उग आई हैं जंगली झाडियां
-एक्टिव सिटीजन टीम ने व्यवस्था में सुधार की उठाई मांग
द न्यूज गली,ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा शहर की सबसे अहम पहचान परी चौक है। जहां से देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले हजारों लोग प्रतिदिन गुजरते हैं। ऐसे में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के उद्यान विभाग के लिए यह अहम हो जाता है कि परी चौक पर ग्रीनरी व साफ-सफाई को व्यवस्थित रखा जाए, लेकिन प्राधिकरण का उद्यान विभाग शहर की पहचान को ही व्यवस्थित नहीं रख पा रहा है। अव्यवस्था का आलम यह है कि परी चौक व उसके आस-पास ग्रीन बेल्ट में जंगली घास उग आई है। जहां पर कीड़े व मच्छर पनप रहे हैं। एक्टिव सिटीजन टीम ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों से व्यवस्था में सुधार की मांग की है।

चरम पर लापरवाही
परी चौक पर लंबे समय से घास की कटाई व सफाई नहीं होने से हरियाली क्षेत्र जंगल में बदल रहा है। एक्टिव सिटीजन टीम के सदस्य हरेंद्र भाटी ने उद्यान विभाग के अधिकारियों का ध्यान इस ओर आकर्षित किया। उन्होंने सवाल उठाया कि शहर के सबसे प्रमुख और व्यस्त क्षेत्रों में शामिल परी चौक पार्क व ग्रीन बेल्ट के रखरखाव की जिम्मेदारी आखिर कौन निभा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से तत्काल मौके का निरीक्षण कर घास-झाड़ियों की कटाई, सफाई और नियमित रखरखाव कराने की मांग की है। उनका कहना है कि उद्यान विभाग के अधिकारी क्षेत्र का दौरा नहीं करते हैं, इस कारण जगह-जगह अव्यवस्था फैली हुई है।
