द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : दिवाली से पहले अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। दादरी थाना पुलिस ने एनटीपीसी कट के पास चेकिंग के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के 20 कार्टून अवैध पटाखे बरामद किए हैं। बरामद पटाखों की कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने पटाखे ले जाने में इस्तेमाल महिंद्रा बोलेरो पिकअप भी कब्जे में ली है।
पुलिस ने बताया कि बुधवार को लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से सूचना मिली थी कि कुछ लोग बड़ी मात्रा में अवैध पटाखे लेकर जा रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने एनटीपीसी कट के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के 20 कार्टून पटाखे मिले।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवकुमार (30) निवासी चमनपुरा, थाना सिकंदराराऊ, हाथरस, हाल निवासी अच्छेजा, थाना बादलपुर और रामकुमार (19) निवासी टॉटपुर कर्सरी, थाना सहसवान, बदायूं, हाल निवासी अच्छेजा, थाना बादलपुर के रूप में हुई है।पुलिस ने दोनों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 5/9बी(1)ख के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस बरामद पटाखों के स्रोत और इनके इस्तेमाल या बिक्री के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
