द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा में बढ़ते वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अपनी मुहिम तेज कर दी है। प्रदूषण की निगरानी और रोकथाम के लिए शहर को 21 जोन में बांटकर अधिकारियों और कर्मचारियों की टीमें तैनात की गई हैं। निर्माण स्थलों पर एंटी स्मॉग गन, सड़कों पर पानी का छिड़काव और मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से सफाई कराई जा रही है। साथ ही कूड़ा जलाने और सफाई में लापरवाही करने वालों पर भी नजर रखी जा रही है।प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण नियंत्रित करने के लिए सभी जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। ग्रेप के नियमों को ध्यान में रखते हुए परियोजना, स्वास्थ्य, उद्यान समेत संबंधित विभागों को सक्रिय किया गया है। प्रत्येक जोन में वरिष्ठ प्रबंधक स्तर के अधिकारी को जोनल अधिकारी और प्रबंधक स्तर के अधिकारी को सहायक जोनल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। वर्क सर्किल की टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में धूल और गंदगी मिलने पर सफाई सुनिश्चित कराएंगी। साथ ही कूड़ा जलाने की घटनाओं पर भी नजर रखेंगी।
216 एंटी स्मोक गन लगाई गई
प्राधिकरण के उप महाप्रबंधक विजय रावल ने बताया कि विभिन्न निर्माण स्थलों पर 216 एंटी स्मॉग गन लगाई गई हैं, जबकि आठ एंटी स्मॉग गन का इस्तेमाल सार्वजनिक स्थलों पर किया जा रहा है। इस तरह कुल 224 एंटी स्मॉग गन के जरिये धूल को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा 107 वाटर टैंकरों से सड़कों पर पानी का छिड़काव किया जा रहा है और पेड़ों पर जमी धूल साफ कराई जा रही है। इस काम में एसटीपी से शोधित पानी का इस्तेमाल किया जा रहा है। सड़कों की सफाई के लिए 11 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनें भी लगाई गई हैं।
प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह और उप महाप्रबंधक विजय रावल शहर का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। टीमें कूड़ा उठाने में लापरवाही करने वाले वेंडरों को सूचित कर सफाई सुनिश्चित करा रही हैं। प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है।
कूड़ा जलने पर दे सूचना
महाप्रबंधक एके सिंह ने शहरवासियों से अपील की है कि कहीं भी कूड़ा जलता दिखाई दे तो इसकी सूचना प्राधिकरण के कॉल सेंटर नंबर 0120-2336046, 0120-2336047, 0120-2336048 और 0120-2336049 पर दें। इसके अलावा प्राधिकरण के मित्रा ऐप के माध्यम से भी शिकायत की जा सकती है। उन्होंने शहर को स्वच्छ रखने में नागरिकों से सहयोग की अपील की है।
