-IBA एवं यथार्थ अस्पताल औद्योगिक क्षेत्रों में लगाएंगे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
-श्रमिकों एवं कर्मचारियों को मिलेगा स्वास्थ्य संबंधी लाभ

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: इंडस्ट्रियल बिज़नेस एसोसिएशन (IBA) ने उद्यमियों, श्रमिकों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। श्रमिकों एवं कर्मचारियों की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए IBA ने Yatharth Hospital के साथ एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। समझौते का उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों, कर्मचारियों एवं उद्यमियों को बेहतर, सुलभ एवं किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। यह पहल किसी भी औद्योगिक संगठन द्वारा स्वास्थ्य के क्षेत्र में उठाया गया एक सराहनीय एवं अग्रणी कदम है। IBA का मानना है कि उद्यम तभी प्रगति करेगा जब कार्यस्थल पर कार्य करने वाले श्रमिक एवं कर्मचारी स्वस्थ एवं सुरक्षित रहेंगे।

आयोजित होंगे निशुल्‍क शिविर
एमओयू के तहत आने वाले समय में IBA एवं यथार्थ अस्पताल संयुक्त रूप से विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता शिविर एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविरों का आयोजन करेंगे।  जिससे अधिक से अधिक श्रमिकों एवं कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी लाभ मिल सके। यह पहल मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के उस विज़न के अनुरूप है, जिसमें कार्यस्थल पर श्रमिकों, कर्मचारियों एवं उद्यमियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया है। इस अवसर पर इंडस्ट्रियल बिज़नेस एसोसिएशन(IBA) के अध्यक्ष अमित उपाध्याय सहित संस्था के अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। साथ ही Yatharth Hospital से आए वरिष्ठ चिकित्सकगण एवं उनकी मार्केटिंग टीम की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।