-श्रमिक बाहुल्य क्षेत्रों में आयोजित होगा कैंप
-श्रमिकों को निशुल्‍क दवाओं का भी किया जाएगा वितरण

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: एक मई श्रमिक दिवस के अवसर पर जिले में विभिन्‍न स्‍थानों पर 201 स्‍वास्‍थ्‍य जांच शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन डीएम मेधा रूपम की पहल पर होगा। मेगा कैंप को सफल बनाने के उद्देश्य से डीएम ने उद्यमी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में श्रमिकों के कल्याण, उनकी सुविधाओं के विस्तार तथा उन्हें अधिकतम लाभ सुनिश्चित कराने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई। डीएम ने उद्यमियों को बताया कि श्रमिक दिवस के अवसर पर 01 मई को विशेष मेगा कैंप का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें स्वास्थ्य कैंप को लेकर महा अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत जिले में 201 कैंप लगेंगे। सभी सरकारी अस्पतालों एवं 22 निजी अस्पतालों में श्रमिकों हेतु निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, उपचार आदि की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही बताया कि मेडिकल कैंपों के साथ ही विशेष कैंप भी आयोजित हो रहा है। जिसमें श्रमिकों हेतु स्वास्थ्य, स्किल डेवलपमेंट, सामाजिक सुरक्षा के तहत लाइफ इंश्योरेंस व हेल्थ इंश्योरेंस एवं उनके बच्चों की शिक्षा हेतु स्टॉल लगाकर जानकारी देते हुए उनको लाभान्वित भी किया जाएगा।

जागरुकता की अपील
डीएम ने बताया कि स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य श्रमिकों को उनके आवास एवं कार्यस्थल के निकट, कार्य से पूर्व अथवा कार्य उपरांत ही सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। ताकि अधिक से अधिक श्रमिक इनका लाभ प्राप्त कर सकें और उन्हें स्वास्थ्य जांच के लिए अनावश्यक अवकाश लेने की आवश्यकता न पड़े। डीएम ने बैठक में उपस्थित उद्यमियों से अपील की कि वे अपने-अपने प्रतिष्ठानों में कार्यरत श्रमिकों को इन शिविरों के प्रति जागरूक करें तथा उन्हें अधिकाधिक संख्या में स्वास्थ्य परीक्षण कराते हुए कैंप का लाभ उठाने हेतु प्रेरित करें।  जिससे शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र श्रमिकों तक पहुंच सके। आयोजित होने वाले मेगा कैंप को सफल बनाने के लिए उद्यमियों से सुझाव भी प्राप्त किए गए ताकि श्रमिक दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले मेगा कैंप कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, अध्यक्ष नोएडा एंटरप्रिन्योर एसोसिएशन विपिन मल्हन सहित, अमित उपाध्‍याय, संजीव शर्मा सहित अन्‍य लोग मौजूद थे।