द न्यूज गली, नोएडा : सेक्टर-24 कोतवाली पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी और मोबाइल फोन स्नेचिंग करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी के 22 दोपहिया वाहन, स्नेचिंग के 31 मोबाइल फोन, 2500 रुपये नकद और तीन अवैध चाकू बरामद किए हैं। पुलिस ने दो बाल अपचारियों को भी संरक्षण में लिया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिल्ली के घड़ोली डेयरी फार्म निवासी विक्की यादव उर्फ मोटा (19), मयूर विहार फेस-3 निवासी करण नागर (19), रविंद्र (21) और बिहार के समस्तीपुर निवासी तथा वर्तमान में खोड़ा कॉलोनी में रह रहे विश्वा महतो उर्फ राजा (26) के रूप में हुई है।
सुनसान जगहों से चुराते थे बाइक-स्कूटी
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली-एनसीआर में पहले रेकी करते थे। इसके बाद सुनसान स्थानों से मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी कर लेते थे। चोरी के वाहनों को अलग-अलग जगहों पर इस्तेमाल कर सड़क किनारे पैदल चलने वाले लोगों से मोबाइल फोन स्नेचिंग की वारदात करते थे।पुलिस के मुताबिक, चोरी के वाहनों की पहचान से बचने के लिए आरोपी उन्हें जंगल, झाड़ियों और अन्य सुनसान स्थानों पर छिपाकर रखते थे। स्नेचिंग किए गए कुछ मोबाइल फोन राहगीरों को सस्ते दामों में बेच दिए जाते थे, जबकि कुछ मोबाइल बिहार ले जाकर अच्छे दाम में बेचे जाते थे। पुलिस के अनुसार, मोबाइल बेचकर मिली रकम आरोपी आपस में बांटकर मौज-मस्ती में खर्च करते थे।
इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से मिली पुलिस को कामयाबी
पुलिस ने बताया कि 18 सितंबर को मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार आरोपियों को सेक्टर-24 थाना क्षेत्र और खोड़ा के अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के 22 दोपहिया वाहन और स्नेचिंग के 31 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध चाकू भी बरामद किए हैं। इनमें विक्की यादव, रविंद्र और विश्वा महतो के कब्जे से एक-एक चाकू मिला।
कई थानों में दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ नोएडा के सेक्टर-24, बिसरख और सेक्टर-39 थानों के अलावा दिल्ली के सरिता विहार और न्यू अशोक नगर थाने में भी मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों के खिलाफ सेक्टर-24 थाने में चोरी, बरामदगी और आर्म्स एक्ट से संबंधित धाराओं में भी कार्रवाई की गई है।
