-एशियन किक बाक्सिंग में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व
-राष्ट्रीय त्यागी भूमिहार ब्राह्मण समाज समिति ने किया सम्‍मानित

द न्‍यूज गली,ग्रेटर नोएडा: गौतम बुद्ध नगर के गांव भंगेल की प्रतिभाशाली बेटी कशिश त्यागी का चयन एशियन किक बाक्सिंग में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ है। पूर्व में राष्‍ट्रीय-अंतरराष्‍ट्रीय स्‍तर पर आयोजित विभिन्‍न प्रतियोगिता में उन्‍होंने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। उनकी शानदार उपलब्धि पर ग्राम भंगेल सहित पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है। कशिश त्यागी की मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण को देखते हुए राष्ट्रीय त्यागी भूमिहार ब्राह्मण समाज समिति (गौतम बुद्ध नगर) के समस्त पदाधिकारियों ने उनका सम्‍मान किया और
उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी।

प्रतिभा को सराहा
इस अवसर पर राष्ट्रीय त्यागी भूमिहार ब्राह्मण समाज समिति (गौतम बुद्ध नगर) के समस्त पदाधिकारीगणों ने कहा कि कशिश ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत से क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता ग्रामीण क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। कहा कि बेटियों को खेल और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए परिवार एवं समाज को हरसंभव सहयोग देना चाहिए। कशिश त्यागी को भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए हार्दिक बधाई एवं आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी गईं। इस मौके पर त्यागी भूमिहार ब्राह्मण समाज समिति के प्रदेश अध्यक्ष सुधीर त्यागी, प्रदेश सचिव एड0 अंकुर त्यागी, जिलाध्यक्ष एड0 बृजेश त्यागी, जिला महासचिव वरनिल त्यागी, युवा प्रदेशाध्यक्ष पश्चिम विमल त्यागी, प्रमोद त्यागी, अभय त्यागी, एड0 रणवीर शर्मा, धर्मेंद्र त्यागी, प्रदीप त्यागी, भोले त्यागी, हीरालाल त्यागी सहित सभी कार्यकर्ता मोजूद थे।