-घटना की अपर पुलिस आयुक्त करेंगे जांच
-श्रमिकों के प्रदर्शन के दौरान हुई थी हिंसक घटना
द न्यूज गली, नोएडा: नोएडा में कुछ सप्ताह पूर्व श्रमिकों के द्वारा धरना-प्रदर्शन किया गया था। प्रदर्शन के दौरान कुछ स्थानों पर हिंसक प्रदर्शन हुए थे। जिसमें तोड़फोड़ के साथ ही आगजनी भी की गई थी। जिसमें पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कुछ लोगों को हिरासत में लिया था और स्थिति सामान्य हुई थी। पूरे मामले की मजिस्ट्रियल जांच होगी। पीठासीन अधिकारी विशेष न्यायालय/अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय कमिश्नरेट गौतम बुद्ध नगर अजय कुमार मामले की जांच करेंगे। घटना के बारे में यदि किसी व्यक्ति के पास कोई साक्ष्य है तो वह 15 मई तक उपलब्ध करा सकता है।
मांगे गए हैं साक्ष्य
अजय कुमार ने बताया कि 13 अप्रैल को थाना फेस-2. थाना सेक्टर-63 में दो स्थानों पर श्रमिकों / कामगारों द्वारा धरना प्रदर्शन के दौरान हिंसक घटनाएं घटित हुई थी। कुछ जगहों पर धरना प्रदर्शन हुआ, जिससे कानून-व्यवस्था एवं लोक व्यवस्था प्रतिकूल रूप से प्रभावित हुई। फलस्वरूप पुलिस द्वारा हल्का बल प्रयोग करके स्थिति को नियंत्रित किया गया। पूरी घटना की मैजिस्टीरियल जांच होगी। जगह-जगह पर हुए हिंसक प्रदर्शन के कारणों एवं कारकों तथा किन-किन व्यक्तियो अथवा संगठनों के उकसावे में उपद्रव व हिंसा हुई इसकी गहनता से जांच होगी। लोगों से अपील की है कि यदि उक्त घटना के संबंध में किसी व्यक्ति को कोई जानकारी हो अथवा कोई व्यक्ति अपना मौखिक या लिखित साक्ष्य, इलेक्ट्रानिक साक्ष्य (ऑडियो, वीडियो आदि) देना चाहता है तो वह 15 मई तक किसी भी कार्य दिवस में पुलिस लाईन, गौतमबुद्धनगर स्थित पुलिस उपायुक्त लाइन्स कार्यालय में सुबह 11 से दिन में 3 बजे तक प्रस्तुत कर सकता है। साक्ष्य देने वाले व्यक्ति का नाम गुप्त रखा जाएगा।
