-बदमाश के पास से पुलिस ने तमंचा किया बरामद
-उपचार के लिए बदमाश को अस्पताल में कराया गया भर्ती
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा:सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के साकीपुर गांव में एक दिन पूर्व कुछ बदमाशों ने साजन भाटी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले में शामिल एक बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल हो चुका था। घटना में शामिल अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने टीम का गठन किया था।
बुधवार रात हुई मुठभेड़ में घटना में शामिल एक और बदमाश घायल हो गया। बदमाश के पैर में गोली लगी है। उपचार के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बदमाश के पास से पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल, तमंचा व अन्य सामान बरामद किया है। बदमाश के खिलाफ पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस पर चलाई गोली
थाना सूरजपुर पुलिस द्वारा एमटैक के सामने बने तिराहे पर तिलपता से गौर सिटी की तरफ जाने वाले रस्ते पर बैरियर लगाकर चेकिंग की जा रही थी। सामने से आती हुई संदिग्ध मोटर साइकिल को पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया गया तो मोटर साइकिल सवार अपनी मोटरसाइकिल को मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम द्वारा उक्त मोटरसाइकिल सवार का पीछा किया गया तो अभियुक्त द्वारा अपने आपको घिरता देखकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायर किया गया। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल हो गया। जिसकी पहचान साकीपुर गांव के रहने वाले वीर सिंह के रूप में हुई है। घायल अभियुक्त को उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया है।
