-विधायक तेजपाल नागर ने किया शिलान्यास
-काम पूरा होने के बाद लोगों को मिलेगी पर्याप्त बिजली
द न्यूज़ गली,ग्रेटर नोएडा: दादरी विधानसभा क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में जल्द ही व्यापक सुधार होगा। दादरी विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए 11.80 करोड़ की लागत से 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र दादरी लाइन एवं संबंधित 33 केवी व 11 केवी विद्युत लाइनों की महत्वपूर्ण परियोजना का शिलान्यास दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर द्वारा किया गया। यह परियोजना दादरी में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में विद्युत नेटवर्क की क्षमता में वृद्धि होगी और उपभोक्ताओं को अधिक सुचारु एवं बेहतर विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

धरातल पर उतर रही योजनाएं
इस अवसर पर विधायक तेजपाल सिंह नागर ने कहा कि दादरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं हैं। जमीन पर योजनाओं को उतारकर जनता को उसका सीधा लाभ पहुंचाने का कार्य लगातार जारी है। सड़क, नाली, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत और जनसुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास की जिस नई कार्य संस्कृति ने गति पकड़ी है, उसका प्रभाव दादरी विधानसभा में भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। क्षेत्र की जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और विकास का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। कार्यक्रम के दौरान नगर अध्यक्ष राजीव सिंघल, नगर पालिका अध्यक्ष गीता पंडित, पवन बंसल, भाजपा जिला उपाध्यक्ष रामकुमार वर्मा, एचके शर्मा, मोहित विकल,पीयूष गर्ग, केशव गोयल, ज्ञान सिंह, हरीश रावल,आदेश भाटी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
