द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना इकोटेक-1 पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 39.27 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ एमडीएमए (मेथाम्फेटामाइन) बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत तीन से चार लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक स्कूटी और इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक, 12 जून को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर थाना इकोटेक-1 पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्मशान भूमि कट के पास छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दो नाइजीरियाई मूल के व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एंथोनी चिनवुबा उर्फ डेविड (34 वर्ष) और आमोस मूसा उर्फ लकी (30 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में रह रहे थे। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के पास से 39.27 ग्राम एमडीएमए/मेथाम्फेटामाइन, एक स्कूटी और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया है।

इस संबंध में थाना इकोटेक-1 में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा तथा आप्रवास एवं विदेशी विषयक अधिनियम की धारा 21 के तहत कार्रवाई की गई है।