द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : बीटा-2 थाना पुलिस ने टेस्ट ड्राइव के बहाने स्कॉर्पियो कार लेकर फरार होने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गई स्कॉर्पियो कार के साथ एक अवैध तमंचा और .315 बोर का एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 10 जून को आरोपी ने स्कॉर्पियो कार के मालिक से वाहन खरीदने के बहाने संपर्क किया था। टेस्ट ड्राइव के दौरान वह कार लेकर फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर बीटा-2 थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम का गठन किया गया।

शनिवार को पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर जतन भाटी गोलचक्कर के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सोनू पुत्र जतनपाल निवासी अलीनगर, थाना जहांगीराबाद, जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है, जो टेस्ट ड्राइव के बहाने लोगों से वाहन हड़पने की घटनाओं को अंजाम देता है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह अवैध हथियार भी अपने पास रखता था। पुलिस जांच में पता चला है कि पकड़े गए आरोपों पर कुल 9 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं इसमें चोरी के अलावा सामान हड़पना भी शामिल है।