द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: गौतमबुद्ध नगर हॉकी संघ से संबद्ध , मोरना,सेक्टर 35 की ममता कुमारी का चयन 2022-23 में वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, गोरखपुर में हो गया था। ममता ने 16 वीं सब जूनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप, रांची (झारखंड)में उत्तर प्रदेश हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व किया था। जहां उत्तर प्रदेश हॉकी टीम को चौथा स्थान प्राप्त हुआ। ममता अत्यंत निम्नवर्ग से संबंध रखती हैं। उनके पिता नहीं हैं और मां घरों में साफ-सफाई का काम करती हैं। वह अपनी बेटी को गौतमबुद्ध नगर हॉकी संघ के सहयोग से इस स्तर तक पहुंचाने में सफल हो पाई। इसमें ममता कुमारी के प्रारंभिक हॉकी प्रशिक्षक दिलीप कुमार का भी विशेष योगदान है, जिन्होंने इस प्रतिभा को पहचान कर निखारने में अपनी क्षमता का परिचय दिया। सोमवार को गौतमबुद्ध नगर हॉकी संघ के महासचिव, सरदार मंजीत सिंह व उपाध्यक्ष हरेंद्र भाटी ने ममता कुमारी, उनकी माता तथा प्रशिक्षक को सम्मानित व प्रोत्साहित किया।
