द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : सूरजपुर थाना पुलिस ने फर्जी वकील बनकर लोगों से रुपये ऐंठने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से फर्जी नोटरी मोहर, कूटरचित दस्तावेज और कोर्ट संबंधी प्रपत्र बरामद किए गए हैं।

गेट नंबर 2 से हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने बताया कि लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से कोर्ट के गेट नंबर-2 के पास से वीर सिंह सिसौदिया (40) निवासी ग्राम ऊंचा अमीपुर, थाना जारचा, गौतमबुद्धनगर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्वयं को सूरजपुर कोर्ट का अधिवक्ता बताकर लोगों को जमानत दिलाने और मुकदमे लड़ने का झांसा देता था। इसके लिए वह फर्जी दस्तावेज तैयार कर उन पर नकली अधिवक्ता और नोटरी की मोहर लगाकर अवैध रूप से धन वसूलता था।

अधिवक्ता की तीन फर्जी मोहर मिली
पुलिस ने आरोपी के पास से कोर्ट संबंधी पांच प्रपत्र और अधिवक्ता की तीन फर्जी नोटरी मोहर बरामद की हैं। आरोपी के खिलाफ सूरजपुर थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी है। वर्ष 2017 में जारचा थाने में भी उसके खिलाफ मामला दर्ज हो चुका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।