द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : गौतमबुद्धनगर कमिशनरेट पुलिस ने चांदी व्यापारी से हुई लूट की वारदात का सफल खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया पूरा माल, घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की बलेनो कार और एक अवैध तमंचा .315 बोर के साथ दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पांच पुलिस टीमों का किया गया था गठन
पुलिस ने बताया कि 2 अगस्त को थाना बीटा-2 क्षेत्र में चांदी व्यापारी से लूट की सूचना मिलने पर मुकदमा दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस, इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्यों तथा लोकल इंटेलिजेंस के आधार पर जांच शुरू की।
संयुक्त कार्रवाई के दौरान थाना बीटा-2 पुलिस, एसओजी ग्रेटर नोएडा और थाना इकोटेक-1 पुलिस ने 4/5 अगस्त की रात एटीएस गोलचक्कर के पास से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकुर, अमित, सोहित बंसल, हिमांशु और कमलकांत के रूप में हुई है।
संगठित गिरोह बनाकर करते थे रेकी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे संगठित गिरोह बनाकर व्यापारियों की रेकी करते थे। पुलिस के मुताबिक, घटना से करीब आठ दिन पहले कमलकांत ने दिल्ली के चांदनी चौक स्थित चांदी के थोक बाजार में व्यापारियों की गतिविधियों पर नजर रखी थी। इसके बाद सूचना मिलने पर गिरोह ने दो कारों से व्यापारी का पीछा किया और जीरो प्वाइंट से आगे दुर्घटना का बहाना बनाकर वाहन रुकवाया। तमंचे के बल पर व्यापारी और उसके साथियों को धमकाकर आभूषणों से भरा बैग लूट लिया। वारदात के बाद सभी आरोपी पूर्व निर्धारित स्थान पर एकत्र हुए और माल लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच हार, दो मंगलसूत्र, 29 पेंडल, 90 अंगूठियां, 18 लॉकेट, 42 जोड़ी झुमकी (कुल वजन लगभग 635 ग्राम), करीब 12.138 किलोग्राम सफेद धातु, घटना में प्रयुक्त बलेनो कार तथा एक अवैध तमंचा व दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
