द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : जेवर थाना क्षेत्र में सोमवार को आपसी विवाद के दौरान छोटे भाई ने बड़े भाई पर फावड़े से हमला कर दिया। गले पर गंभीर चोट लगने से युवक की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान छोटे भाई ने फावड़े से बड़े भाई भोले शंकर के गले पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल भोले को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। एडीसीपी अभय मिश्रा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली और पुलिस टीमों को आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही घटना के कारणों की जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।