-विधवा पेंशन दिलाने के लिए कर रहा था पैसों की मांग
-दलालों की जानकारी देने के लिए जारी हुआ नंबर
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर दलाली करने वाले लोग जगह-जगह सक्रिय हैं। विधवा पेंशन का लाभ दिलाने के नाम पर पैसों की मांग करने वाला एक दलाल डीएम मेधा रूपम के बिछाए जाल में फंस गया। दलाल के बारे में एक वृद्ध महिला ने डीएम कार्यालय में शिकायत की थी। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर दलाल के खिलाफ सूरजपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया। तत्काल कार्रवाई करते हुए दलाल को पुलिस ने अलीगढ़ से जेवर के रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। दलाल की पहचान सुमन के रूप में हुई है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि विभाग के कौन से कर्मचारी दलाल के साथ मिलकर काम करते थे। जल्द ही उन पर भी गाज गिरेगी।
डीएम ने किया फोन
डीएम जनता दर्शन के दौरान कुलेसरा की रहने वाली वृद्ध महिला ने शिकायत की कि विधवा पेंशन योजना का लाभ दिलाने के नाम पर धनराशि की मांग की जा रही है। शिकायत का डीएम मेधा रूपम ने तत्काल संज्ञान लेते हुए दलाल से फोन पर आम आवेदक की भांति पेंशन योजना का लाभ दिलाने के लिए बात की। फोन पर बात के दौरान पता चल गया कि दलाल योजनाओं के नाम पर पैसा ऐंठने में सक्रिय है। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर डीएम ने संबंधित विभागीय अधिकारी को दोषी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएम ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि किसी भी सरकारी कार्य अथवा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए किसी दलाल अथवा बिचौलिए के संपर्क में न आएं। सभी आवेदन संबंधित विभागीय कार्यालयों अथवा अधिकृत जन सेवा केंद्रों के माध्यम से ही कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति सरकारी कार्य कराने या योजना का लाभ दिलाने के नाम पर धनराशि की मांग करता है, अगर कोई सरकारी अधिकारी अथवा बाबू रिश्वत की मांग करता है अथवा कोई भी दलाली या बिचौलियों के माध्यम से कार्य करते हुए पाया जाता है, तो इसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम दूरभाष नंबर 1202978231, 1202978232, 1202978862, 1202978702 अथवा संबंधित विभागाध्यक्ष को उपलब्ध कराएं। ताकि उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जा सके।
