-प्राधिकरण के खाते में पहुंचे 64 अरब से अधिक रुपए
-18 जून को कई लोगों की बदल जाएगी किस्मत
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: यमुना प्राधिकरण की आवासीय योजना में लोगों ने दिल खोलकर आवेदन किया है। विभिन्न कटेगरी के 973 प्लाट के लिए प्राधिकरण को एक लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसकी संख्या अभी और बढ़ने की उम्मीद है। लोगों के द्वारा किए गए आवेदन से प्राधिकरण के खाते में 64,80,03,94,077 रुपए आए हैं। प्राधिकरण के द्वारा 18 जून को योजना का ड्रा निकाला जाएगा। अब लोगों को योजना के ड्रा की तिथि का इंतजार है। योजना में जिन-जिन लोगों के प्लाट निकलेंगे 18 जून के बाद उनकी किस्मत बदल जाएगी। जिसका प्रमुख कारण है प्लाट का बाजार मूल्य प्राधिकरण की आवंटन दर से काफी अधिक है।
इस प्लाट की मांग अधिक
प्राधिकरण की योजना में 162, 183, 184, 200, 223 और 290 मीटर के प्लाट हैं। सभी श्रेणी के प्लाट की टोटल संख्या 973 है। योजना में सबसे अधिक आवेदन 200 मीटर प्लाट के लिए प्राप्त हुए हैं। 200 मीटर प्लाट के लिए 63230 लोगों ने आवेदन किया है। जबकि 162 मीटर के लिए 54821 लोगों ने आवेदन किया है।
योजना में बुधवार रात 12 बजे तक आवेदन किया जा सकता था। बुधवार शाम लगभग 6 बजे तक प्राधिकरण को 124954 लोगों ने रजिस्ट्रेशन फी जमा कर दी, लेकिन बाउचर अमाउंट 99917 लोगों ने ही जमा किया था। प्राधिकरण अधिकारियों का कहना है कि रात 12 बजे तक जो लोग टोटल पैसा जमा कर देंगे, उनका आवेदन स्वीकार किया जाएगा। उम्मीद है आवेदन करने वालों की संख्या एक लाख 10 हजार तक पहुंच सकती है।
