-कूड़ा जलाने को लेकर एक दिन पूर्व हुआ था विवाद
-घटना में शामिल अन्‍य आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही पुलिस

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: छोटे-छोटे विवाद में लोग हत्‍या जैसे जघन्‍य अपराध को अंजाम दे देते हैं। कुछ ऐसा ही मामला साकीपुर गांव में भी हुआ। कूड़ा जलाने को लेकर हुए विवाद के बाद पड़ोसी ने युवक को गोली मार दी। घटना में युवक की मौत हो गई। पुलिस मुठभेड़ में हत्‍यारे के दोनों पैर में गोली लगी है। उपचार के लिए पुलिस ने उसे अस्‍पताल में भर्ती कराया है। हत्‍यारे के पास से पुलिस ने पिस्‍टल, कार व अन्‍य सामान बरामद किया है। हत्‍या में शामिल कुछ अन्‍य लोगों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने टीम का गठन किया है।

यह था मामला
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि साकीपुर गांव में साजन भाटी व उसके पड़ोसी टिल्‍लू भाटी उर्फ मंगेश के बीच कूड़ा जलाने को लेकर विवाद हुआ था। मंगलवार रात में साजन एक शादी से लौट रहा था। उसी दौरान टिल्‍लू ने अपने कुछ साथियों के साथ उसे घेर लिया। टिल्‍लू ने साजन को गोली मार दी, साजन के परिजन उसे लेकर कैलाश अस्‍पताल गए। जहां पर जांच के बाद डाक्‍टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश के लिए टीम का गठन किया गया था। रात में मोजरबेयर के पास पुलिस ने एक कार का रुकने का इशारा किया। कार सवार ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में कार सवार बदमाश घायल हो गया, उसकी पहचान टिल्‍लू भाटी के रूप में हुई। उसके अन्‍य साथियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।