-कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के तहत होंडा कंपनी बनाएगी स्कूल
-लगभग सवा करोड़ रुपए की लागत से तैयार होगा स्कूल
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: सैनी गांव में आधुनिक प्राथमिक स्कूल का निर्माण किया जाएगा। स्कूल का निर्माण कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के तहत होंडा कंपनी के द्वारा कराया जाएगा। निर्माण पर लगभग सवा करोड़ रुपए खर्च होगा। मंगलवार को गांव में स्कूल के भूमि पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नए मॉडल के आधुनिक प्राथमिक विद्यालय का विधिवत मंत्रोच्चारण एवं पूजा-अर्चना के साथ भूमि पूजन किया। विद्यालय अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा, जिसमें बच्चों के लिए बेहतर कक्षाएं, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, आधुनिक शौचालय, खेलकूद की सुविधाएं तथा डिजिटल शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। विद्यालय के निर्माण से ग्राम सैनी सहित आसपास के क्षेत्रों के सैकड़ों बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। जिससे उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत होगी।

समाज को नई दिशा
इस अवसर पर विधायक तेजपाल सिंह नागर ने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो समाज को नई दिशा और पीढ़ियों को सशक्त बनाने का कार्य करती है। उत्तर प्रदेश सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक गांव तक शिक्षा की उत्तम सुविधाएं पहुंचें, ताकि कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में पीछे न रह जाए। उन्होंने होंडा कंपनी द्वारा CSR के माध्यम से किए जा रहे इस योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह कदम न केवल शिक्षा को बढ़ावा देगा, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी का एक उत्कृष्ट उदाहरण भी प्रस्तुत करेगा। तेजपाल नागर ने कहा कि दादरी विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास हेतु निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। ग्राम सैनी में इस विद्यालय का निर्माण क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि विकास कार्यों की यह गति भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी और क्षेत्र को प्रगति के नए आयामों तक पहुंचाया जाएगा।
