द न्‍यूज गली,ग्रेटर नोएडा: नोएडा इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (NIET), ग्रेटर नोएडा ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कॉलेज ने अंतरराष्ट्रीय मूल्यांकन संस्था की QS I-GAUGE इंडियन कॉलेज रेटिंग्स के तहत प्रतिष्ठित डायमंड रेटिंग प्राप्त की है। संस्थान ने समग्र मूल्यांकन में कुल 1073 अंक हासिल कर शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध और बेहतर संस्थागत विकास के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान दर्ज कराई है। QS I-GAUGE की विस्तृत मूल्यांकन प्रक्रिया में NIET ने शिक्षण एवं अधिगम (टीचिंग एंड लर्निंग), सामाजिक उत्तरदायित्व, प्रशासन एवं संगठनात्मक संरचना तथा शैक्षणिक विकास जैसे प्रमुख पैमानों पर शानदार प्रदर्शन किया है। QS I-GAUGE भारत में उच्च शिक्षण संस्थानों के मूल्यांकन और रेटिंग से जुड़ी एक पहल है, जो विभिन्न निर्धारित मानकों के आधार पर संस्थानों के प्रदर्शन का आकलन करने में सहायता करती है। इसकी रेटिंग प्रणाली विद्यार्थियों और अन्य हितधारकों को संस्थानों की गुणवत्ता एवं प्रदर्शन से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए संस्थान के निदेशक डॉ. विनोद एम. कापसे ने कहा कि QS I-GAUGE में डायमंड रेटिंग मिलना पूरे NIET परिवार के लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान शिक्षकों के मार्गदर्शन, कर्मचारियों के सहयोग और विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत का प्रतिफल है। संस्थान का हमेशा यही प्रयास रहा है कि छात्रों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ उद्योग जगत की आधुनिक मांगों के अनुरूप तैयार किया जाए, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना कर सकें।