-कंपनी के कर्मचारी नहीं ढूंए पाए फाल्‍ट
-सेक्‍टर के लोगों ने जताई भारी नाराजगी

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: बिजली कंपनी एनपीसीएल के द्वारा बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं गर्मी में लोगों को बिजली की अच्‍छी सप्‍लाई देने के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है, लेकिन वास्‍तविकता इससे बिल्‍कुल उल्‍टी है। डेल्‍टा दो सेक्‍टर में भीषण गर्मी में 18 घंटे की बिजली कटौती हुई। बिजली कटौती के मामले में सेक्‍टर, गांव से भी पीछे चला गया। 18 घंटे बिजली कटौती से सेक्‍टर के लोग परेशान हो गए। बच्‍चे, बुजुर्ग व बीमार लोगों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। सेक्‍टर के नाराज लोगों ने एनपीसीएल के खिलाफ विरोध दर्ज कराया है। सेक्‍टर के लोगों का कहना है यदि दोबारा ऐसी स्थिति बनी तो एनपीसीलए कार्यालय पहुंचकर धरना दिया जाएगा। डेल्‍टा दो के साथ ही बीटा दो, म्‍यू 2 सेक्‍टर में भी घंटों बिजली कटौती से लोग परेशान रहे।

नहीं ढूंढ पाए फाल्‍ट
सेक्‍टर के आरडब्‍ल्‍यूए अध्‍यक्ष बॉबी भाटी का कहना है कि शिकायत के काफी देर बाद एनपीसीएल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। कंपनी के कर्मचारी 18 घंटे तक यही नहीं ढूंढ पाए कि फाल्‍ट कहा पर है। फाल्‍ट होने की स्थिति में निर्बाध बिजली सप्‍लाई के लिए कंपनी ने एक और केबल डाली है लेकिन कर्मचारियों को यही नहीं पता था कि दूसरी लाइन कहां पर डली हुई है। बॉबी भाटी का कहना है कि इतनी देर तक बिजली कटौती से सेक्‍टर के लोग परेशान हो गए। एनपीसीएल बिजली का बिल बढ़ाने के लिए तो तैयार रहता है लेकिन लोगों को सुविधाएं नहीं दे पा रहा है।