द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: इंडिया एक्‍सपो मार्ट के चेयरमैन डॉ राकेश कुमार ने उत्तर प्रदेश सरकार के नवनियुक्त सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री भूपेंद्र चौधरी शिष्टाचार भेंट की। डॉ. राकेश कुमार ने उत्तर प्रदेश और भारत के हस्तशिल्प, कुटीर उद्योगों तथा निर्यातोन्मुख एमएसएमई इकाइयों के संवर्धन में India Exposition Mart Limited (IEML) और Export Promotion Council for Handicrafts (EPCH) द्वारा पिछले कई वर्षों में किए गए सतत प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारतीय हस्तशिल्प को वैश्विक पहचान दिलाने, कारीगरों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने तथा निर्यात को बढ़ावा देने में इन संस्थाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।डॉ. राकेश कुमार ने उत्तर प्रदेश के प्रमुख वार्षिक व्यापार आयोजनों, विशेषकर राज्य के हस्तशिल्प, ओडीओपी उत्पादों और एमएसएमई उद्यमों को वैश्विक मंच प्रदान करने वाले आयोजन यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) पर भी चर्चा की, जिसका चौथा संस्करण 25 – 29 सितंबर 2026 को इंडिया एक्स्पो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश में आयोजित किया जाएगा। यूपीआईटीएस के तीसरे संस्करण का उद्घाटन भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था, जिसमें विदेशी खरीदारों समेत, लगभग 5 लाख दर्शकों ने भाग लिया था। उत्तर प्रदेश सरकार और India Exposition Mart Limited (IEML) के संयुक्त प्रयासों से आयोजित यूपीआईटीएस अपनी तरह का पहला व्यापार मेला है जो किसी राज्य द्वारा इतने बड़े स्तर पर आयोजित किया जाता है। उन्होंने अवगत कराया कि यूपीआईटीएस के पिछले तीन संस्करणों ने उत्तर प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के समक्ष प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया है और राज्य को एक उभरते हुए ग्लोबल सोर्सिंग हब के रूप में स्थापित करने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री, योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में एमएसएमई, ओडीओपी, हस्तशिल्प और निर्यात को राज्य की आर्थिक प्रगति का प्रमुख आधार मानती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार उद्योग जगत, निर्यात संवर्धन परिषदों और संस्थागत भागीदारों के साथ मिलकर एमएसएमई क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।