द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : थाना दादरी पुलिस ने शुक्रवार देर रात को चिटहैरा नहर स्थित पेरिफेरल अंडरपास के पास हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एटा का रहने वाला है बदमाश
पुलिस ने बताया कि चिटहैरा नहर के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया गया। आरोप है कि वह मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगा। पीछा किए जाने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई।
घायल आरोपी की पहचान अशोक कुमार उर्फ आशु उर्फ भोला पुत्र राजेंद्र निवासी ग्राम जिटोली, थाना निधौली कलां, जनपद एटा के रूप में हुई है। पुलिस का दावा है कि उसके कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक पीड़ित का आधार कार्ड तथा एक कथित चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
