-कांवड़ शिविरों में जांची खान-पान व चिकित्सा सुविधा
-प्रमुख कांवड़ मार्गों का भी किया निरीक्षण

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: महाशिवरात्रि एवं कांवड़ यात्रा-2026 को जनपद में शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संपन्न कराने के लिए पुलिस कमिश्‍नर लक्ष्मी सिंह एवं डीएम मेधा रूपम ने प्रमुख कांवड़ मार्गों, विभिन्न शिवालयों एवं कांवड़ शिविरों का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने चिल्ला बॉर्डर, श्री सिद्ध पीठ शनि मंदिर, सेक्टर-14ए नोएडा तथा शिव मंदिर नानकेश्वर, ग्राम भाईपुर, जेवर सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों एवं कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया। श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन, यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा तथा कांवड़ शिविरों में उपलब्ध कराई जा रही अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। शिविरों में बनाए गए किचन, वहां तैयार की जा रही खाद्य सामग्री, भोजन की गुणवत्ता एवं स्वच्छता व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों एवं शिविर संचालकों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों को मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ खान-पान उपलब्ध कराया जाए।

परखी सुरक्षा व्‍यवस्‍था
पुलिस कमिश्‍नर व डीएम ने शिविरों में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा निगरानी व्यवस्था का भी जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाए। दोनों अधिकारियों ने मेडिकल शिविरों का निरीक्षण करते हुए उपलब्ध दवाइयों, प्राथमिक उपचार की व्यवस्था एवं चिकित्सकीय स्टाफ की उपलब्धता की जानकारी ली। निर्देश दिए कि मेडिकल शिविरों में आवश्यक दवाइयां पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें और चिकित्सकीय टीम पूरी तत्परता के साथ तैनात रहे, जिससे आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त एवं जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि महाशिवरात्रि एवं कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं कांवड़ यात्रियों के आवागमन को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित रहें। प्रमुख कांवड़ मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग, पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। पुलिस आयुक्त एवं जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। संभावित परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी पहले से सुनिश्चित की जाएं।