द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, ब्लॉक दनकौर की ओर से विकास क्षेत्र दनकौर के नए खंड शिक्षा अधिकारी पोप सिंह स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। संगठन ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके कुशल नेतृत्व में क्षेत्र की शैक्षिक व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालयों की लंबित समस्याओं के समाधान को गति प्राप्त होगी। संगठन की ओर से शिक्षकहित, विद्यालयीय व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण एवं छात्रहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर आधारित 22 सूत्रीय मांग-पत्र प्रस्तुत किया गया। संगठन ने मांग-पत्र में उल्लिखित प्रकरणों के समयबद्ध, पारदर्शी एवं नियमानुसार निस्तारण की अपेक्षा व्यक्त करते हुए सकारात्मक संवाद एवं पारस्परिक सहयोग के माध्यम से समस्याओं के समाधान पर बल दिया। मांग-पत्र में चयन वेतनमान एवं लंबित एरियर का भुगतान, वेतन विसंगतियों, महँगाई भत्ता अंतर, स्थानांतरित शिक्षक-शिक्षिकाओं के बोनस, NPS/GPF, चिकित्सा प्रतिपूर्ति तथा अवकाशोपरांत कार्यभार ग्रहण संबंधी प्रकरणों के निस्तारण को प्रमुखता से उठाया गया। साथ ही, प्रत्येक माह की पाँच तारीख तक वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही की अपेक्षा की गई। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष सतीश पीलवान, ब्लॉक मंत्री रामकुमार शर्मा, ब्लॉक कोषाध्यक्ष निर्मला त्यागी, ब्लॉक संरक्षक ज्योतिर्मय पाण्डेय, ब्लॉक वरिष्ठ उपाध्यक्ष शआलेख नागर, ब्लॉक संयुक्त मंत्री मनीषा श्रीवास्तव, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवम् ब्लॉक संरक्षक बलेराम नागर, जिला उपाध्यक्ष प्रीति पाण्डेय एवं सरिता यादव, जिला प्रचार मंत्री माला बजाज तथा जिला संगठन मंत्री राजीव शर्मा सहित अन्‍य लोग उपस्थित थे।