द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा : डायल-112 पर आत्महत्या की सूचना मिलते ही पीआरवी कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए फंदे पर लटक रहे एक व्यक्ति की जान बचा ली। पुलिसकर्मियों ने उसे फंदे से नीचे उतारने के बाद मौके पर ही सीपीआर दिया। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत सुरक्षित बताई गई।

पुलिस ने बताया कि मंगलवार को डायल-112 पर एक व्यक्ति द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास करने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पीआरवी संख्या UP32DG9617 पर तैनात आरक्षी सुधांशु गुप्ता और आरक्षी अर्जुन कुमार निर्धारित रिस्पॉन्स टाइम के भीतर मौके पर पहुंचे। दोनों पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए व्यक्ति को फंदे से नीचे उतारा और तत्काल सीपीआर देना शुरू किया। इससे उसकी हालत में सुधार होने लगा।

एम्बुलेंस से पहुँचाया अस्पताल
इसके बाद पुलिसकर्मियों ने एंबुलेंस की मदद से उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति सुरक्षित बताई गई। पुलिस ने अस्पताल में उसकी काउंसलिंग भी की, जिसके दौरान उसने भविष्य में ऐसा कदम नहीं उठाने का आश्वासन दिया।परिजनों ने पुलिसकर्मियों की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए गौतमबुद्धनगर पुलिस का आभार जताया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से मिलने वाली सूचनाओं पर पीआरवी कर्मियों द्वारा समयबद्ध कार्रवाई की जा रही है।