-आरक्षण व्यवस्था व SC/ST Act में संशोधन की मांग
-प्रदर्शन के दौरान राष्ट्रपति के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा:आरक्षण व्यवस्था और SC/ST Act कानून में संशोधन तथा UGC के नए प्रावधानों को लेकर सवर्ण समाज में लगातार रोष बढ़ता जा रहा है। सवर्ण स्वाभिमान मंच, गौतमबुद्धनगर के अधिवक्ताओं ने मंगलवार को सूरजपुर कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी मेधा रूपम को ज्ञापन सौंपा। मंच ने 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर सूरजपुर कलेक्ट्रेट में मौन उपवास करने का ऐलान किया। मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि यह आंदोलन पूरी तरह गांधीवादी, शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा। मौन उपवास में जिले के विभिन्न सामाजिक एवं सवर्ण समाज के संगठनों को भी आमंत्रित किया जा रहा है। मौन उपवास के बाद अपनी मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम DM को ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन देने के दौरान सवर्ण समाज के अधिवक्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे।

किसी के खिलाफ नहीं है लड़ाई
इस अवसर पर सवर्ण स्वाभिमान मंच के संयोजक कपिल शर्मा एडवोकेट ने कहा कि उनकी यह लड़ाई किसी जाति, धर्म या संप्रदाय के खिलाफ नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारी मांग सरकार से केवल यह है कि आरक्षण व्यवस्था और SC/ST Act के कानून की संवैधानिक रूप से समीक्षा कर इनमें संशोधन किए जाने चाहिए। वहीं UGC के नए प्रावधानों को तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए। मौन उपवास में बड़ी संख्या में लोगों के साथ जिले में संचालित सवर्ण समाज के विभिन्न सामाजिक संगठन भी हिस्सा लेंगे। पूरा आंदोलन शांतिपूर्ण रहेगा। ठाकुर ज्ञानेंद्र सिंह एडवोकेट ने कहा कि आज आरक्षण का लाभ प्राप्त करने वाला एक बड़ा वर्ग पूरी तरह संपन्न हो चुका है और उसकी कई पीढ़ियां आरक्षण का लाभ प्राप्त कर चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद वह आज भी आरक्षण का लाभ ले रहा है। यदि आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा कर इसका आधार जाति के स्थान पर आर्थिक स्थिति को बनाया जाए, तो सभी जातियों के शोषित, वंचित और गरीब लोगों को इसका लाभ मिल सकेगा। इस अवसर पर प्रमोद शर्मा एडवोकेट, सतेंद्र शर्मा एडवोकेट, संजय शर्मा एडवोकेट, विवेक रावल एडवोकेट, जयकरण शर्मा एडवोकेट, भानु प्रताप एडवोकेट, तरुण शर्मा एडवोकेट, मोहित गर्ग एडवोकेट, मोहित परमार एडवोकेट, हरीश राणा और पुष्प शर्मा एडवोकेट सहित अन्य लोग मुख्य रूप से उपस्थित थे।
