द न्यूज गली, नोएडा : थाना सेक्टर-63 पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग और चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो आरोपित राह चलते लोगों से मोबाइल लूटने और छह चोरी व स्नैचिंग के मोबाइल खरीदकर उनके पार्ट्स निकालकर बेचने का काम करते थे। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे और निशानदेही पर 98 मोबाइल फोन, 100 डिस्प्ले, 207 बैटरी, 40 मोबाइल बॉक्स, 103 बैक पैनल, 10 पेचकस, एक अवैध चाकू और दिल्ली से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
मोबाइल खरीदने वाले गिरोह के बारे में मिली जानकारी
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सेक्टर-63 की ग्रीन बेल्ट से कुशल और रुपेश उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया। दोनों के पास से एक लूटा गया मोबाइल, अवैध चाकू और चोरी की मोटरसाइकिल मिली। पूछताछ में दोनों ने चोरी और स्नैचिंग के मोबाइल खरीदने वाले गिरोह के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने निजामुद्दीन, आरिफ, सोनू, छोट्टे, गुलफाम और हारुन को भी गिरफ्तार कर लिया।
रैपीडो चालक करता था लूटपाट
पूछताछ में कुशल ने बताया कि वह रैपिडो बाइक चलाता है और साथी रुपेश के साथ राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीनकर अपने साथियों को बेच देता था। वहीं, अन्य छह आरोपितों ने बताया कि वे चोरी और लूट के मोबाइल 1500 से 2000 रुपये में खरीदते थे। बाद में उनके पार्ट्स अलग-अलग कर बाजार में बेच देते थे और मुनाफा आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने बताया कि बरामद मोबाइल और पार्ट्स की संख्या 300 से अधिक है। आरोपितों के खिलाफ सेक्टर-63 थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही बरामद मोबाइलों के वास्तविक मालिकों की पहचान भी कराई जा रही है।
