द न्यूज गली, नोएडा : थाना फेस-1 पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में पुलिस कस्टडी रिमांड पर लाई गई महिला तस्कर की निशानदेही पर सेक्टर-8 स्थित एक खंडहरनुमा भवन से 23 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 3.50 लाख रुपये आंकी गई है।

हेमा को रिमांड पर लिया गया
पुलिस ने बताया कि आरोपी हेमा पत्नी संजय उर्फ बाबू, निवासी जेजे कॉलोनी सेक्टर-18, थाना सेक्टर-20, एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे में वांछित थी। उसने 29 जुलाई को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। न्यायालय से पुलिस कस्टडी रिमांड मिलने के बाद पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर सेक्टर-8 के एफ-24 स्थित खंडहरनुमा भवन से गांजा बरामद किया गया।

दिल्ली से लाती थी गांजा
पूछताछ में महिला ने बताया कि वह लंबे समय से दिल्ली से बड़ी मात्रा में गांजा मंगवाकर नोएडा में उसकी तस्करी करती थी। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में उसके दो कथित साथी टिंकू और मोहम्मद मुजफ्फर अंसारी को 26 जून को गांजे के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट, जुआ अधिनियम और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।