-राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर के नेतृत्व में आयोजित हो रहा कार्यक्रम
-पार्टी के एक धड़े के द्वारा फैलाई जा रही थी विभिन्न अफवाह
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: दादरी में एक अगस्त को स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन आरवी नार्थलैंड कॉलेज में किया जा रहा था। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर का स्वागत होना था। आयोजन राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर के नेतृत्व में हो रहा था। कार्यक्रम अचानक निरस्त हो जाने पर पार्टी के एक धड़े के कुछ नेताओं के द्वारा विभिन्न राजनीतिक अफवाह फैलाई जा रही थी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यक्रम के लिए अब 4 अगस्त का समय दे दिया है। आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। आयोजन में 20 हजार की भीड़ जुटने का अनुमान है। कार्यक्रम की नई तिथि निर्धारित होने के बाद अफवाह फैलाने वालों के मुंह पर ताला लग गया है।
फैलाई थी यह अफवाह
कार्यक्रम आयोजन के लिए पार्टी का एक धड़ा जी-जान से जुटा हुआ है। चर्चाएं हैं कि इस आयोजन के माध्यम से दादरी में विधानसभा चुनाव की नई इबादत लिखी जाएगी। इस कारण दूसरे धड़े ने कार्यक्रम से दूरी बनाई हुई थी। लखनऊ में आयोजित होने वाली पार्टी की कार्यशाला के कारण कार्यक्रम अचानक से निरस्त हो गया था। जिसके बाद पार्टी का दूसरा धड़ा खुश हो गया था। उनके द्वारा यह अफवाह फैलाई जा रही थी कि दूसरे धड़े को कार्यक्रम में तवज्जो न मिलने की जानकारी पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंची थी। इस कारण आयोजन निरस्त कर दिया गया। साथ ही यह अफवाह भी फैलाई जा रही थी कि कार्यक्रम के लिए अब नई तिथि नहीं मिलेगी। अब मात्र तीन दिन बाद ही दूसरी तिथि मिल गई। जिसके बाद से कार्यक्रम की नई तिथि का प्रचार-प्रसार जोर-शोर से शुरू हो गया है। नई तिथि मिलने के बाद से दूसरे धड़े के चेहरे की खुशी काफूर हो गई है। साथ ही कार्यक्रम आयोजित करने वाले धड़े को बल मिला है।
