-ओमिक्रान -1 ए सेक्‍टर के लोगों ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ की नारेबाजी
-लोगों के विरोध को देखते हुए हरकत में आया प्राधिकरण

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: दूसरों को सीख और स्‍वयं ही तोड़ रहे नियम, जी हां ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के द्वारा कुछ ऐसा ही किया जा रहा है। प्राधिकरण के कर्मचारियों द्वारा सेक्‍टर ओमिक्रान -1 ए के गेट नंबर 3 के पास अवैध डंपिंग ग्राउंड बना दिया गया है। जहां पर पिछले लंबे समय से कूड़ा फेंका जाता है। कूड़े की बदबू से सेक्‍टर के लोग परेशान हो गए थे। शिकायत के बाद भी प्राधिकरण मामले का संज्ञान नहीं ले रहा था। बुधवार को सेक्‍टर के नाराज लोगों ने डंपिंग ग्राउंड पर पहुंचकर प्राधिकरण के खिलाफ नारेबाजी की। मामले संज्ञान में आने के कुछ देर बाद ही प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची और गेट पर एकत्र किए जा रहे कूड़े की सफाई शुरू करा दी।

एकजुटता आई काम
सेक्‍टर के गेट पर ही प्रतिदिन कूड़ा फेंका जा रहा था। जिन लोगों का मकान गेट के पास था उन्‍हें सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। साथ ही गेट से निकलने वाले लोगों को नाक बंदकर जाना पड़ता था। सेक्‍टर निवासी बृजेश भाटी ने बताया कि पूर्व में शिकायत कर कूड़ा हटवाने की मांग की गई थी लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बुधवार को सेक्‍टर के नाराज लोग मौके पर पहुंचे और कड़ा विरोध दर्ज कराया। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया। प्राधिकरण टीम के द्वारा कूड़े की सफाई शुरू कराने पर सेक्‍टर के लोगों ने खुशी जताई है।