-बरामद मोबाइल फोन की कीमत लगभग 35 लाख रुपए
-खोया मोबाइल पाकर मालिकों के चेहरे पर आई खुशी

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 121 लोगों के चेहरे पर खुशी लौटा दी। इन लोगों का मोबाइल फोन विभिन्‍न स्‍थानों पर गुम हो गया था। पुलिस द्वारा व्यक्तियों के गुम हुए 121 भिन्न-भिन्न कम्पनियों के कीमती स्मार्ट फोन को CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल / सर्विलांस के माध्यम से खोजकर उनके स्वामियों के सुपुर्द किया गया। पुलिस का कहना है कि बरामद मोबाइल फोन की कीमत लगभग 35 लाख रुपए है। अभियान के तहत जो सबसे पुराना मोबाइल फोन बरामद हुआ है वह 2020 में खोया था। खोया मोबाइल फोन पाने वाले व्‍यक्तियों ने पुलिस का आभार व्‍यक्‍त किया।

मोबाइल गुम होने का कारण
पिछले कुछ वर्ष के दौरान विभिन्‍न कारणों से लोगों का मोबाइल फोन गुम हो गया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने उनकी गुमशुदगी दर्ज की थी। पुलिस ने बताया कि खोजे गए मोबाइलो में कुछ मोबाइल ऐसे है जो व्यक्तियों के भीड़-भाड़ वाले बाजारो, सब्जी व फलों की मण्डियों व साप्ताहिक बाजारो में सामान खरीदते समय नीचे झुकने, बैठने में गिर गए थे। कुछ मोबाइल ऐसे भी है जो व्यक्तियों के यात्रा के दौरान ऑटो, टैक्सियो, बसों व मेट्रो ट्रेनो में छूट गये थे। साथ ही वाहन चलाने के दौरान भी लोगों के मोबाइल फोन गिर गए थे।