-आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसायटी की मार्केट में नहीं आ रही बिजली
-लोगों ने एनपीसीएल के खिलाफ जताई नाराजगी
द न्यूज गली, ग्रेटर नोएडा: भीषण गर्मी में दो दिन से बिजली न आने से आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसायटी के 70 से अधिक दुकानदार परेशान हैं। दुकानदारों का कहना है कि एनपीसीएल में कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। बिजली न आने से दुकानों में रखा लाखों रुपए का सामान भी बर्बाद हो रहा है। दुकानदारों ने अपनी पीड़ा को बयां करते हुए गुहार लगाई है कि समस्या का तत्काल समाधान किया जाए। एनपीसीएल का कहना है कि स्थानीय क्षेत्र में चल रही खुदाई के कारण समस्या आई है। आपूर्ति बहाल करने का कार्य चल रहा है।
60 हजार किराया
दुकानदारों का कहना है कि आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसायटी में 70 से अधिक दुकानदार हैं। दुकानों का किराया 60 से 70 हजार रुपए तक है। दुकानों को डीजी सेट से नहीं जोड़ा गया है। दुकानों में खाने-पीने का बहुत सामान रखा है। बिजली न आने के कारण सारा सामान खराब हो रहा है। दुकानों के बाहर बैठकर वह लोग बिजली आने का इंतजार कर रहे हैं। दुकानदारों ने बताया कि शिकायत करने पर एनपीसीएल के लोग कह रहे हैं कि आरडब्ल्यूए परमीशन नहीं दे रही है।
