-अंधेरे में डूबा रहा सोसायटी का पूरा टावर
-सोसायटी के लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर जताई नाराजगी

द न्‍यूज गली, ग्रेटर नोएडा: भीषण गर्मी में बिजली कटौती की समस्‍या दूर होने का नाम नहीं ले रही है। आए दिन कहीं न कहीं पर बिजली कटौती हो रही है। रात में ग्रेटर नोएडा वेस्‍ट की गौर सिटी-वन सोसायटी में लगभग चार घंटे तक बिजली नहीं रही। सोसायटी का पूरा टॉवर अंधेरे में डूबा रहा। फ्लैट से बाहर निकलकर लोग रात में सोसायटी के कैंपस में ही घूमते रहे। बिजली कटौती से नाराज लोगों ने एनपीसीएल के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। नाराज लोगों ने मांग की कि बिजली की खराब व्‍यवस्‍था में सुधार किया जाए। लगभग चार घंटे बाद जब बिजली आई तो लोगों ने राहत की सास ली।

परेशान रहे लोग
शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी आए दिन कहीं न कहीं पर बिजली कटौती की समस्‍या चल रही है। एक बार फाल्‍ट होने पर कई घंटे तक सही नहीं हो पाता है। इस कारण भीषण गर्मी में लोग परेशान हो जाते हैं। रविवार रात में गौर सिटी वन में जब लोग सोने की तैयारी कर रहे थे उसी दौरान बिजली चली गई। लोगों को लगा कुछ देर बाद बिजली आ जाएगी, कई घंटे तक बिजली न आने पर लोग फ्लैट से बाहर निकलकर सोसायटी के ओपन एरिया में एकत्र हो गए। सोसायटी के लोगों ने मेंटेनेंस टीम पर भी नाराजगी जताई।