-65 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ पहुंचे स्विस परिसंघ राष्ट्रपति
-एयरपोर्ट की विभिन्न आधुनिक सुविधाओं का लिया जायजा
द न्यूज गली,ग्रेटर नोएडा: स्विस परिसंघ के राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन अपने 65 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स कैबिनेट मंत्री उत्तर प्रदेश सुनील शर्मा, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त तथा नागरिक उड्डयन विभाग उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार एवं इन्वेस्ट यूपी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विजय किरण आनंद ने उनका पारंपरिक अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। अवनी बोर्ड रूम में राष्ट्रपति एवं प्रतिनिधिमंडल के समक्ष एयरपोर्ट से संबंधित प्रस्तुतीकरण दिया गया। राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन ने प्रतिनिधिमंडल को संबोधित भी किया। राष्ट्रपति, उनकी पत्नी एवं प्रतिनिधिमंडल में शामिल चयनित अधिकारियों ने एयरसाइड तथा एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) टॉवर का निरीक्षण किया। प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों ने टर्मिनल, सुरक्षा क्षेत्र, बोर्डिंग गेट्स, एप्रन तथा बैगेज रिक्लेम सहित एयरपोर्ट की विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। प्रतिनिधिमंडल दोपहर करीब 02 बजे एयरपोर्ट से रवाना हुआ।

व्यवस्थाओं का निरीक्षण
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का विकास यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया गया है, जो स्विस परिसंघ की ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है। राष्ट्रपति ने एयरपोर्ट की आधुनिक यात्री सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। स्विस परिसंघ के राष्ट्रपति के साथ आए करीब 65 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में उनकी पत्नी, स्विस राजदूत, राष्ट्रीय परिषद के सदस्य, राज्य सचिव तथा उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि शामिल रहे। इस उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट दौरा दोनों देशों के बीच आर्थिक एवं तकनीकी सहयोग की संभावनाओं की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण रहा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के माध्यम से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी को विस्तार मिलने के साथ क्षेत्र में औद्योगिक एवं आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलने की संभावना है। स्विस परिसंघ के राष्ट्रपति जी के नेतृत्व में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का यह दौरा भारत-स्विस परिसंघ के बीच विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ते सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर रहा। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालक अधिकारी यमुना विकास प्राधिकरण राकेश कुमार सिंह, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, डीएम मेधा रूपम, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी, एनआईए के सीईओ क्रिस्टोफ सैल्मन, चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर किरण जैन, सहित प्रशासन, प्राधिकरण तथा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद थे।

